बिहार के पूर्णिया से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है, जहां निगरानी विभाग की टीम ने शिक्षा परियोजना के सहायक अभियंता भूषण प्रसाद को 10 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियंता ठेकेदार से बिल पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार ने इस अवैध मांग की सूचना संबंधित व्यक्ति बृजेश को दी, जिसके बाद मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की गई। शिकायत मिलने के बाद स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी अभियंता को घूस लेते हुए पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम ने अभियंता के आवास पर भी छापेमारी शुरू कर दी। यह छापेमारी पटना से आई स्पेशल विजिलेंस यूनिट की 7 सदस्यीय टीम द्वारा की जा रही है, जिसका नेतृत्व डीएसपी राज कुमार सिंह कर रहे हैं। टीम घर के हर कोने की तलाशी ले रही है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि भूषण प्रसाद पहले पूर्णिया में पदस्थापित थे और वर्तमान में कटिहार में शिक्षा विभाग से जुड़े निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका स्थायी निवास पूर्णिया के शांतिनगर इलाके में है, जहां यह कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान अभियंता के मोबाइल फोन और लैपटॉप की भी गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अभियंता को पहले भी अलग-अलग किस्तों में 10 हजार, 4 हजार और 16 हजार रुपए भेजे गए थे। इसके अलावा बातचीत की रिकॉर्डिंग जैसे डिजिटल सबूत भी टीम के हाथ लगे हैं।

फिलहाल अभियंता और उनके परिवार के सदस्यों से लगातार पूछताछ जारी है। यह कार्रवाई करीब चार घंटे से अधिक समय से चल रही है। निगरानी विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *