पटना : उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है. ने पीएचडी एडमिशन टेस्ट (PAT)-2024 को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इसके साथ ही लंबे समय से पीएचडी में नामांकन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब स्पष्ट दिशा मिल गई है.
विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार 16 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रखी गई है, जिससे छात्र घर बैठे ही आसानी से फॉर्म भर सकेंगे. इसके लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा और निर्धारित शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन माध्यम से करना होगा.
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल वही उम्मीदवार आवेदन करें जो पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता को पूरा करते हों. विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी त्रुटि से बचा जा सके.
शुल्क संरचना की बात करें तो सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 1500 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बीसी-1 वर्ग के उम्मीदवारों को रियायत देते हुए 1000 रुपये शुल्क तय किया गया है. विश्वविद्यालय ने यह भी साफ किया है कि शुल्क भुगतान के बाद ही आवेदन को अंतिम रूप दिया जाएगा.
परीक्षा को लेकर जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि PAT-2024 का आयोजन जून 2026 तक किए जाने की संभावना है. इसका उद्देश्य समय पर शोध सत्र की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है. ऐसे में शोध कार्य शुरू करने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है, जिसे समय रहते पूरा करना जरूरी है.
