भागलपुर: जिले के खरिक थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णानगर बिश्वपुरिया गांव में दबंगों द्वारा ट्रैक्टर चालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। खेत से ट्रैक्टर में भूसा लेकर लौट रहे चालक को आधा दर्जन हमलावरों ने घेरकर बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर चालक पिंटू यादव उर्फ बूंदे, जो नदी थाना क्षेत्र के बिश्वपुरिया गांव का निवासी है, अपने खेत से भूसा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे करीब पांच की संख्या में दबंगों ने उसे रोक लिया और हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की खंती और अवैध हथियार से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए घायल को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलघी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज रेफर कर दिया।
घायल के पिता सुशील यादव उर्फ भवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि छोटू यादव, मुकेश यादव सहित अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपित इलाके में अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं और उनके खिलाफ पहले से खरिक थाना में कई मामले दर्ज हैं। पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि घटना के बाद आरोपितों द्वारा केस नहीं करने की धमकी दी जा रही है।
वहीं, खरिक थाना अध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटने की बात कह रही है।
