CCTV में कैद हुई वारदात, पहले भी चोरी के मामले में शामिल रहा आरोपी



एंकर-बिहार के सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वीडियोग्राफर को उसके ही अस्थायी कर्मचारी ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी महंगे कैमरे और अन्य उपकरण लेकर फरार हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार, तिरंगा चौक (वार्ड-19) निवासी पंकज कुमार सिंह उर्फ ‘पप्पू’ धर्मशाला रोड स्थित सिटी कार्ड के पास “पप्पू वीडियो” नाम से दुकान चलाते हैं। वे शादी-विवाह सहित विभिन्न कार्यक्रमों में वीडियोग्राफी का कार्य करते हैं। काम अधिक होने पर वे बाहर से कर्मचारियों को बुलाते हैं। इसी क्रम में उन्होंने धनबाद निवासी मनोज कुमार को काम पर रखा था।


पीड़ित के मुताबिक, बीते 24 मार्च को आरोपी ने चुपके से उनके कमरे की चाबी चुरा ली और मौका पाकर ताला खोलकर अंदर रखे महंगे उपकरण बैग में भरकर फरार हो गया। शक से बचने के लिए उसने बाहर से दोबारा ताला भी लगा दिया।


चोरी गए सामान में Nikon Z6II कैमरा, दो लेंस, एक गिंबल, चार बैटरी, दो चार्जर और 128GB मेमोरी कार्ड शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.25 लाख रुपये बताई गई है।
घटना का खुलासा 13 अप्रैल को तब हुआ जब पंकज कुमार अपने कमरे पर पहुंचे और कैमरा गायब पाया। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो आरोपी साफ तौर पर सामान ले जाते हुए दिखा।


पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी चोरी की घटना में शामिल रह चुका है और उस पर पहले से मामला दर्ज है। बावजूद इसके सख्त कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़ गए।
इस संबंध में पंकज कुमार सिंह ने सोमवार रात करीब साढ़े 10 बजे सदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी की गिरफ्तारी व चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।


वहीं, सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By Indradev Kumar

Patrakar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *