
बोकारो पुलिस ने तीन महीने में 1665 मामलों का किया निष्पादन, दर 123 प्रतिशत
बोकारो। बोकारो पुलिस ने पिछले तीन महीनों के दौरान अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थानों में इस अवधि के दौरान कुल 1023 मामले दर्ज किए गए, जबकि पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुए 1665 मामलों का निष्पादन किया। पुलिस के अनुसार मामलों के निष्पादन की दर 123 प्रतिशत रही।
हेडक्वार्टर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि बोकारो पुलिस प्रत्येक मामले की जांच को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा ले रही है। पुलिस का विशेष फोकस महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध, गृह भेदन समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित अनुसंधान और निष्पादन पर है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ-साथ तकनीकी इनपुट और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पुलिस को मामलों की तह तक पहुंचने और आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल रही है।
डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना और अपराध में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाना है। उन्होंने पीड़ितों से अपील करते हुए कहा कि अब उन्हें परेशान होने या बार-बार थाने का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। पीड़ित निर्भीक होकर अदालत में अपनी गवाही दें, ताकि दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामलों के अनुसंधान में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के बढ़ते इस्तेमाल से जांच की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। पुलिस का मानना है कि इससे न केवल मामलों के त्वरित निष्पादन में मदद मिलेगी, बल्कि दोषियों को न्यायालय से सजा दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकेगी।
बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ लंबित मामलों के निष्पादन और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो







