
पूर्वी चंपारण: मोतिहारी में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 751.68 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर स्थित सोनामति मंदिर के पीछे पुलिस ने छापेमारी कर शराब से लदी एक पिकअप को जब्त किया। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम: पुलिस के अनुसार 15 अगस्त की सुबह सूचना मिली थी कि सोनामति मंदिर के पीछे पिकअप वाहन से विदेशी शराब की बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना से पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण को अवगत कराया गया। एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
87 कार्टन में मिली शराब: टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की। पुलिस को पिकअप वाहन से 87 कार्टन विदेशी शराब मिली। बरामद शराब 180 एमएल के टेट्रा पैक में थी। पुलिस के मुताबिक कुल 4,176 टेट्रा पैक बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 751.68 लीटर है।
दो आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी 22 वर्षीय अभय कुमार उर्फ मुन्ना कुमार और पूर्वी चंपारण निवासी 24 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के अलावा एक पिकअप वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस: गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के जरिए शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी है।
डीएसपी का बयान: डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





