मुंगेर कोर्ट परिसर के बाहर किला क्षेत्र में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब एक पत्नी, उसका पति और उसका प्रेमी आमने-सामने आ गए। तीनों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, लेकिन घटनाक्रम ने इसे हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल दिया।
दरअसल, मामला मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र के सजुआ गांव का है। यहां के निवासी गुड्डू कुमार की पत्नी सुनीता देवी 6 मार्च को अपने 5 साल के बेटे के साथ अचानक घर छोड़कर चली गई थी। पत्नी के लापता होने के बाद गुड्डू ने 7 मार्च को असरगंज थाना में आवेदन देकर उसे खोजने की गुहार लगाई थी।
इसी दौरान गुड्डू को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी अपने पुराने प्रेमी मंतोष कुमार के साथ दिल्ली में रह रही है और 23 मार्च को मुंगेर कोर्ट में गवाही देने आने वाली है। जैसे ही सुनीता कोर्ट पहुंची, वहां उसका सामना पति गुड्डू से हो गया। लेकिन उसने पति से बात करने से साफ इनकार कर दिया और यह भी कहा कि वह बेटे को साथ नहीं लाई है।
इसके बाद गुड्डू ने कोर्ट परिसर के बाहर अपने बेटे की तलाश शुरू की। किला क्षेत्र के एक कोने में मंतोष कुमार 5 साल के बच्चे को गोद में लेकर छिपा हुआ मिला। इसके बाद पति और प्रेमी के बीच तीखी बहस और हंगामा शुरू हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पूरा इलाका तमाशा बन गया।
गुड्डू का कहना है कि उसकी शादी 2017 में तारापुर में सुनीता से हुई थी और शादी के बाद उसे पत्नी और मंतोष के पुराने प्रेम संबंध की जानकारी मिली थी, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। वहीं मंतोष का दावा है कि वह सुनीता से पहले से प्रेम करता था और सुनीता अपने पति के साथ खुश नहीं थी, इसलिए वह उसके साथ दिल्ली चली गई और दोनों ने मंदिर में शादी कर ली।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा परेशान मासूम बच्चा नजर आया। हालांकि काफी हंगामे के बाद आखिरकार गुड्डू अपने बेटे को अपने साथ ले जाने में सफल रहा, जबकि सुनीता अपने मायके चली गई। फिलहाल इस अनोखे पारिवारिक विवाद ने कोर्ट परिसर के बाहर लोगों का ध्यान खींच लिया है और आगे इस मामले में कानूनी मोड़ क्या होगा, यह देखना बाकी है।
