बिहार में शराबबंदी के बीच बक्सर जिला परिवहन कार्यालय से शराब बरामद होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने डीटीओ कार्यालय में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब जब्त की. सरकारी दफ्तर के अंदर शराब मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए.
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब कार्यालय परिसर में पहुंची तो गार्ड रूम और किचेन की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान सरकारी अलमीरा से शराब की कई बोतलें बरामद हुईं. आमतौर पर जहां विभागीय फाइलें और जरूरी दस्तावेज रखे जाते हैं, वहां शराब छिपाकर रखी गई थी. इसके अलावा कार्यालय के किचेन में भी खाने-पीने के सामान की जगह शराब का जखीरा मिला.
छापेमारी के दौरान कुछ बोतलें खाली मिलीं, जबकि कई बोतलें भरी हुई थीं. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी इस बात पर हैरानी जताई कि आखिर सरकारी दफ्तर के भीतर इतनी मात्रा में शराब कैसे पहुंची. बरामद शराब को पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त कर सील कर दिया है.
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया, “गार्ड रूम और किचेन से शराब की बोतलें बरामद हुई हैं. पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसकी जानकारी मीडिया को दी जाएगी.”
वहीं डीटीओ राज कुमार प्रसाद ने कहा, “कार्यालय के गार्ड रूम की अलमीरा और किचेन से शराब मिली है. देखने से ऐसा लग रहा है कि शराब जमा की जा रही थी. कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी. जरूरत पड़ी तो नौकरी भी जाएगी और जेल भी भेजा जाएगा.”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि शराब निजी इस्तेमाल के लिए रखी गई थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था. गौरतलब है कि बिहार में साल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद शराब की तस्करी और सेवन के मामले लगातार सामने आते रहते हैं.


