apnabiharjharkhand

NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को, NTA ने जारी किया नया शेड्यूल

नई दिल्ली: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 की नई तारीख घोषित कर दी गई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा अब 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि उम्मीदवारों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी और न ही किसी प्रकार की अतिरिक्त फीस देनी होगी।

इससे पहले 3 मई 2026 को देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में NEET UG परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड में हुई थी, जिसमें करीब 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। हालांकि परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आए, जिसके बाद केंद्र सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी।

दोबारा परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan  के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE चेयरपर्सन राहुल सिंह, KVS और NVS के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में परीक्षा के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

NTA के डीजी अभिषेक सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच फिलहाल Central Bureau of Investigation कर रही है। एजेंसी ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और NTA के भीतर संभावित मिलीभगत की भी जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *