apnabiharjharkhand

सारण में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: आर्केस्ट्रा गिरोह से 21 नाबालिग लड़कियां मुक्त, मानव तस्करी के आरोप में कार्रवाई

बिहार के सारण जिले में पुलिस और सामाजिक संस्था एवीए यानी एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन की संयुक्त कार्रवाई में आर्केस्ट्रा गिरोह से 21 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है। सभी बच्चियों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है। इनमें नेपाल, झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य प्रदेश की लड़कियां शामिल हैं।

रेस्क्यू हुई झारखंड की एक लड़की, जिसका नाम बदला गया है, ने बताया कि गरीबी और नौकरी के झांसे में उसे इस दलदल में धकेल दिया गया। उसने कहा कि कम उम्र में शादी के बाद उसे छोड़ दिया गया और फिर एक महिला ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर आर्केस्ट्रा संचालकों के हाथ बेच दिया।

पुलिस के अनुसार, तरैया, कोपा और इसुआपुर थाना क्षेत्रों में चल रहे 13 आर्केस्ट्रा समूहों पर रातभर छापेमारी की गई। इस दौरान बाल तस्करी और शोषण के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में गोलू नामक व्यक्ति भी शामिल है, जिस पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त का आरोप है।

जांच में सामने आया कि बच्चियों को अच्छी नौकरी और बेहतर जिंदगी का सपना दिखाकर लाया जाता था। बाद में उन्हें शादी और अन्य कार्यक्रमों में अश्लील गानों पर घंटों डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। कई लड़कियों ने यौन उत्पीड़न की शिकायत भी की है।

एवीए के कार्यकारी निदेशक धनंजय टिंगल ने कहा कि मानव तस्करी रोकने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने ऐसे मामलों की फास्ट ट्रैक कोर्ट में जल्द सुनवाई की मांग की।

यह अभियान सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, स्थानीय पुलिस, एवीए और नारायणी सेवा संस्थान की टीम शामिल रही।

सारण पुलिस ने महिलाओं और बच्चियों के शोषण के खिलाफ ‘आवाज दो’ अभियान के तहत लोगों से सूचना देने की अपील की है। इससे पहले गोपालगंज में भी 44 नाबालिग लड़कियों को इसी तरह मुक्त कराया गया था। मई 2023 से अब तक विशेष अभियान में 375 लड़कियों को बचाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *