सहरसा जिले में आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिले के सभी नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी, सहयोगी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारियों के लिए तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के जनगणना कोषांग के अंतर्गत आयोजित किया गया।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी तथा सहायक चार्ज अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री राजेश कुमार गुप्ता एवं श्री अमिताभ कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण की विधि, तकनीकी पहलुओं तथा सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

 

इस दौरान अधिकारियों को यह बताया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। इसके माध्यम से सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और अन्य विकास योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। इसलिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री निशांत, जिला योजना पदाधिकारी सहरसा श्री विशाल राघव, प्रभारी पदाधिकारी सिमरन कुमारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों का मार्गदर्शन किया और जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं सफल बनाने पर जोर दिया।

 

अपर समाहर्ता ने कहा कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से लें और अपने-अपने क्षेत्र में इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

 

इस प्रशिक्षण के साथ ही सहरसा जिले में जनगणना 2027 के सफल आयोजन की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर घर तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि विकास योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *