सहरसा पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप (कोरेक्स) के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जलई थाना पुलिस द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें एक बस से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को जलई थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक पीले रंग की बस में चालक, उप-चालक और उनके सहयोगी द्वारा बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ दरभंगा जिले के बिरौल क्षेत्र से सहरसा की ओर लाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने गंडोल चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में बस की डिक्की से चार बैग बरामद किए गए, जिनमें कुल 32 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप पाया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम चौधरी (सदर थाना क्षेत्र, सहरसा), रंजन झा (घोघरडीहा, मधुबनी) और पवन कुमार खां (बनगांव, सहरसा) के रूप में हुई है।
इस मामले में जलई थाना कांड संख्या-35/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच भी की जा रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सहरसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
