भागलपुर। जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत बाखरपुर-धनपाल टोला मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपाल टोला चौक की ओर से आ रही एक बाइक और सामने से आ रहे ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

मृतक की पहचान बाखरपुर पश्चिमी निवासी प्रकाश मंडल के पुत्र सिंटू कुमार के रूप में की गई है। वहीं इस हादसे में गोलू कुमार, रवि कुमार और मिथुन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए।

 

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पीरपैंती अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।

 

घटना की सूचना मिलते ही बाखरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

 

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *