भागलपुर जिले के घोघा थाना क्षेत्र में मिले सिरकटी लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस ने होटल मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है।

 

जानकारी के अनुसार, 6 मार्च की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में एक व्यक्ति का सिर कटा हुआ शव पड़ा है, जिसे कई टुकड़ों में काट दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए घोघा थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी में और कहलगांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो दबिया, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

 

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिर के रूप में हुई है। वह महेंद्र मंडल के होटल में काम करता था। बताया जा रहा है कि किसी विवाद के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था, लेकिन वह दोबारा काम करने के लिए होटल पहुंचा था। इसी बात को लेकर होटल पर दोनों के बीच विवाद हो गया।

 

आरोप है कि महेंद्र मंडल, उसके बेटे और अन्य साथियों ने मिलकर होटल में ही नाजिर की हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल से दियारा क्षेत्र स्थित एक पोखर के पास ले जाया गया, जहां शव के कई टुकड़े कर दिए गए और सिर को पोखर में छिपा दिया गया ताकि मृतक की पहचान न हो सके।

 

इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे की जानकारी भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में दी। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *