खबर बिहार के भागलपुर जिले से है, जहां जगदीशपुर प्रखंड क्षेत्र में केंद्र सरकार की एक उच्चस्तरीय टीम ने विभिन्न विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रखंड के करीब 15 स्थानों का दौरा कर वहां चल रहे योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

 

इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर किए जा रहे कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी गुणवत्ता को लेकर विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में टीम जगदीशपुर प्रखंड कार्यालय भी पहुंची, जहां प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

 

इसके अलावा टीम ने बैजानी आदर्श पंचायत सरकार भवन का भी दौरा किया। यहां अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया और लाभार्थियों की संख्या से संबंधित जानकारी प्राप्त की। टीम के सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से योजनाओं के संचालन, दस्तावेजों के रखरखाव और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कई स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में स्थानीय प्रशासन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है।

 

अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन किया जाए तो ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार को और तेज किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुछ आवश्यक सुझाव भी दिए, ताकि आने वाले समय में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा पारदर्शी बनाया जा सके।

 

वहीं स्थानीय प्रशासन की ओर से टीम को भरोसा दिलाया गया कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ लागू किया जाता रहेगा, ताकि आम लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *