खबर बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के घोषपुर गांव से है, जहां एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

 

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत पड़ोसियों के बीच पानी के बहाव को लेकर हुई। पीड़ित पक्ष की हेमा देवी ने बताया कि पड़ोसी के घर से निकलने वाला पानी उनकी गली में बहकर जमा हो रहा था, जिससे गली में कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बन गई थी और लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। इसी कारण उन्होंने पानी के बहाव को रोक दिया।

 

हेमा देवी के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई थी, लेकिन उस समय मामला किसी तरह शांत हो गया। बाद में जब उनके देवर द्वारा पड़ोसी के दरवाजे के पास ऑटो खड़ा किया गया, तो एक बार फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

 

इस मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

 

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत सिमरी बख्तियारपुर थाना में दी थी, लेकिन शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 

वहीं इस मामले को लेकर सिमरी बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष संजना कुमारी ने बताया कि इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

फिलहाल पुलिस की निगरानी में इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *