बिहार के मुख्यमंत्री के आगामी समृद्धि यात्रा के तहत सहरसा आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बुधवार को सदर थाना परिसर में यातायात डीएसपी ओमप्रकाश कुमार ने प्रेस वार्ता कर नए ट्रैफिक रोड प्लान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष रूट निर्धारण किया गया है।
यातायात डीएसपी ने बताया कि मुख्य सभा स्थल शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए रहुआ चौक से आने वाले वाहन बनगांव होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं शहर की ओर आने वाले वाहनों को अगवानपुर होते हुए मत्स्यगंधा मार्ग से आने की अनुमति दी गई है। प्रशासनिक वाहनों के लिए सभा स्थल से लगभग 100 मीटर दूर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सहरसा स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के लिए सिवपुरी ढाला स्थित कोल्ड स्टोरेज परिसर में वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पुलिस लाइन परिसर में भी वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
सिमरी बख्तियारपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कहरा कुटी के पास डायवर्जन दिया गया है, जहां से वाहन चांदनी चौक या शर्मा चौक होकर शहर में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं नरियार मार्ग से सहरसा आने वाले वाहनों को नया बाजार पेट्रोल पंप के पास से कहरा कुटी मार्ग या सत्यम अस्पताल रोड होकर शहर में प्रवेश करना होगा।
यातायात डीएसपी ने बताया कि यह नई यातायात व्यवस्था 13 तारीख को प्रभावी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट प्लान का पालन करने की अपील की है ताकि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
