पटना से बड़ी खबर सामने आई है, जहां टी-20 विश्व कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन मंगलवार को पटना पहुंचे। उनके पटना एयरपोर्ट पहुंचते ही प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक था। एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में फैंस पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच ईशान किशन का भव्य स्वागत किया गया।

 

इस मौके पर बिहार सरकार की ओर से भी उनका सम्मान किया गया। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने पटना एयरपोर्ट पर उन्हें बुकेट देकर सम्मानित किया और टीम इंडिया की इस बड़ी जीत के लिए बधाई दी। इस दौरान एयरपोर्ट पर जश्न जैसा माहौल बन गया और फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।

 

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए ईशान किशन ने भारतीय टीम की जीत को पूरे देश के लिए गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों की नहीं, बल्कि पूरे देश की जीत है। ईशान ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। भारतीय टीम जीती है। मैं अपनी तरफ से हमेशा कोशिश करता हूं कि जितने प्लेयर हर जगह से बढ़ सकें, बढ़ें।”

 

उन्होंने बिहार के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगर सही मंच और बेहतर सुविधाएं मिलें तो यहां के युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। ईशान ने कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता मिलती है और वे आगे भी इसी तरह खेलते हुए देश को जीत दिलाने की कोशिश करते रहेंगे।

 

वहीं एक सवाल के दौरान जब उनसे कीर्ति आजाद के मंदिर वाले बयान को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो ईशान किशन ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे ऊट-पटांग सवाल नहीं पूछने चाहिए, वे एक खिलाड़ी हैं और देश के लिए क्रिकेट खेलते हैं।

 

पटना में उनके स्वागत के दौरान एक खास पल भी देखने को मिला, जब ईशान किशन ने एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर उसे किस किया। यह क्यूट मोमेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

फिलहाल पटना में ईशान किशन के स्वागत को लेकर फैंस के बीच जश्न का माहौल बना हुआ है। 🏏🇮🇳

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *