भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक बार फिर अपराधियों का मनोबल बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। पीरपैंती थाना क्षेत्र के त्रिमोहन चौक के पास बीती रात दो बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान शेरमारी बाजार निवासी 35 वर्षीय ऋषभ झा के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात ऋषभ झा अपने दोस्त सौरभ उर्फ मयंक के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सौरभ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं और दोनों किसी काम से बाहर निकले थे।
इसी दौरान जब वे पीरपैंती थाना क्षेत्र के त्रिमोहन चौक के पास पहुंचे, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने बाइक चला रहे सौरभ को रुकने का इशारा किया, लेकिन सौरभ ने आशंका के चलते बाइक नहीं रोकी और आगे बढ़ने की कोशिश की।
इसी दौरान बदमाशों ने पीछे बैठे ऋषभ झा को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे ऋषभ झा के पेट में जा लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद सौरभ ने तुरंत अपने सहयोगियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद घायल ऋषभ झा को आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत काफी गंभीर थी और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
