भागलपुर जिले के एकचारी थाना क्षेत्र से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां गंगा पार एकचारी दियारा में खेत में पटवन करने गए एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान बबूल मंडल (30 वर्ष) के रूप में हुई है।

 

मिली जानकारी के अनुसार बबूल मंडल गंगा पार एकचारी दियारा स्थित अपने खेत में पटवन यानी सिंचाई करने के लिए गया था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में बबूल मंडल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

 

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने युवक को तीन गोलियां मारीं। एक गोली उसके सीने में, दूसरी दाहिने बाजू में और तीसरी गोली उसके गाल में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक को इस हालत में देख लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही एकचारी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

 

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। मृतक के परिजनों ने बताया कि गंगा से निकली जमीन की बंटाईदारी को लेकर गांव में पहले से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद को लेकर अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

 

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *