गोपालपुर | सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अति पिछड़ा जागृति मंच के सदस्यों ने बुधवार को धरना प्रदर्शन किया। धरना के माध्यम से सदस्यों ने अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी पर गहरी नाराजगी जताई तथा जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की।
धरना का नेतृत्व मंच के संयोजक विभाष कुमार भारती ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मानक के अनुसार न तो पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती है और न ही स्वास्थ्य कर्मियों की। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण गर्भवती महिलाओं को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार मजबूरी में मरीजों को नवगछिया या भागलपुर जैसे बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
मंच के सदस्यों ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उसका सही लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। अस्पताल में दवाइयों की कमी, जांच की समुचित व्यवस्था का अभाव और चिकित्सकों की अनुपस्थिति से मरीजों को भारी परेशानी होती है।
धरना के दौरान मंच के सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि गोपालपुर सीएचसी में तत्काल महिला डॉक्टर सहित आवश्यक चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की जाए। साथ ही अस्पताल में दवाइयों, जांच सुविधाओं और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
मंच के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो अति पिछड़ा जागृति मंच द्वारा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर मंच के कई सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
