आगामी 13 मार्च को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सहरसा दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सहरसा जिला प्रशासन और सहरसा व्यापार संघ के संयुक्त तत्वावधान में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम, सुरक्षा व्यवस्था और रूट मैप से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 13 मार्च को सहरसा पहुंचने वाले हैं, जहां वे शहर में निर्माणाधीन आरओबी यानी रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई चूक न हो, इसके लिए पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

 

इसी कड़ी में आयोजित बैठक में जिला प्रशासन के अधिकारियों और व्यापार संघ के प्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के रूट मैप, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम के दौरान बाजार क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

 

सहरसा व्यापार संघ के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने कहा कि व्यापार संघ की ओर से माननीय मुख्यमंत्री का सहरसा आगमन पर दिल से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए व्यापार संघ जिला प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

 

वहीं सहरसा के उपमेयर गुड्डू हयात भी इस बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सहरसा आगमन जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह बैठक आयोजित की गई है और सभी पक्ष मिलकर प्रशासन का सहयोग करेंगे।

 

बैठक में सहरसा सदर के एसडीओ श्रेयांश तिवारी, सीडीपीओ आलोक रंजन सहित व्यापार संघ के कई गणमान्य सदस्य और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत किया जा रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *