टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बीच भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की एक भावुक कर देने वाली कहानी सामने आई है। निजी दुख के बावजूद उन्होंने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।
दरअसल, फाइनल मुकाबले से ठीक दो दिन पहले शुक्रवार को एक दर्दनाक कार दुर्घटना में ईशान किशन की चचेरी बहन और उनके जीजा की मौत हो गई थी। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरा परिवार सदमे में आ गया। बताया जा रहा है कि ईशान अपने परिवार के पास जाना चाहते थे, लेकिन देश के लिए टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की अहम जिम्मेदारी के चलते वह टीम के साथ ही रहे।
इस दुखद घटना के कारण ईशान के पिता प्रणव पांडे भी अहमदाबाद में फाइनल मुकाबला देखने नहीं पहुंच सके। उन्होंने बताया कि परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। उनके मुताबिक, ईशान हमसे मिलना चाहते थे, लेकिन फाइनल मैच के कारण वह वापस नहीं आ सके।
रिपोर्ट के अनुसार, फाइनल से पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान ईशान किशन काफी उदास नजर आए। आम तौर पर मैच से पहले लंबा बैटिंग सेशन लेने वाले ईशान ने इस बार ज्यादा अभ्यास नहीं किया। जब टीम के साथी खिलाड़ियों को इस निजी त्रासदी की जानकारी मिली तो उन्होंने ईशान के पास पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया और उनका ढांढस बंधाया।
इसके बाद रविवार को फाइनल में ईशान किशन मैदान पर उतरे और अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर दिया। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 54 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने आसमान की ओर बल्ला उठाकर मानो दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
पूरे टूर्नामेंट में भी ईशान किशन का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 9 पारियों में 317 रन बनाए और टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इसके अलावा फील्डिंग में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए रचिन रवींद्र और टिम सीफर्ट के दो अहम कैच पकड़े।
निजी दुख के बावजूद देश के लिए खेलते हुए ईशान किशन ने दिखा दिया कि सच्चे खिलाड़ी मुश्किल हालात में भी अपने कर्तव्य को सबसे ऊपर रखते हैं।
