apnabiharjharkhand

पटना में बढ़ा अपराधियों का दुस्साहस, RJD विधायक के भाई से चेन स्नेचिंग

पटना: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला कंकड़बाग थाना क्षेत्र का है, जहां जहानाबाद से आरजेडी विधायक राहुल कुमार के भाई रोहित कुमार चेन स्नेचिंग का शिकार हो गए. घटना साईं मंदिर के पास हुई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई.

जानकारी के अनुसार रोहित कुमार साईं मंदिर के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी उनके करीब पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक पर सवार दो युवक आते हैं, कुछ सेकंड में चेन छीनते हैं और तेजी से भाग निकलते हैं. घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

कंकड़बाग थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चेन स्नेचिंग का प्रतीत हो रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पटना में हाल के दिनों में चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. इससे पहले शास्त्री नगर इलाके में भी बाइक सवार अपराधियों ने दंपति को निशाना बनाया था. हालांकि उस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.

लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है. खासकर महिलाएं और राहगीर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, लगातार बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *