मुंगेर से बड़ी खबर है. गर्मी की छुट्टियों और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. रेलवे प्रशासन ने 03029/03030 हावड़ा-राजगीर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह स्पेशल ट्रेन भागलपुर, जमालपुर और किऊल समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे बिहार और पश्चिम बंगाल के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा.
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 03029 हावड़ा-राजगीर स्पेशल हावड़ा से रात 10 बजकर 50 मिनट पर खुलेगी और बर्द्धमान, रामपुरहाट, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर और किऊल होते हुए अगले दिन दोपहर 1 बजे राजगीर पहुंचेगी. वहीं वापसी में 03030 राजगीर-हावड़ा स्पेशल राजगीर से दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर हावड़ा पहुंचेगी.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोलपुर शांतिनिकेतन, पाकुड़, बरहरवा, सुल्तानगंज, अभयपुर, लखीसराय, शेखपुरा, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ और नालंदा स्टेशनों पर भी रुकेगी. रेलवे के मुताबिक इस स्पेशल ट्रेन में कुल 14 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 4 स्लीपर, 8 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके.
हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन 16 मई से 17 जून 2026 तक प्रतिदिन चलेगी, जबकि राजगीर-हावड़ा स्पेशल 17 मई से 18 जून 2026 तक संचालित होगी. दोनों दिशाओं में 33-33 ट्रिप का संचालन किया जाएगा.
भागलपुर, मुंगेर, जमालपुर और किऊल क्षेत्र के यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी राहतभरी साबित होगी. खासकर प्रतियोगी परीक्षा, इलाज, पर्यटन और पारिवारिक यात्रा करने वाले लोगों को इससे सुविधा मिलेगी.
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम मांझी ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और गर्मी की छुट्टियों में भीड़ कम करने के उद्देश्य से सीमित अवधि के लिए यह स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है.


