पटना: बिहार में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. राज्य में पेट्रोल और डीज़ल के दाम करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं. इसके साथ ही CNG की कीमत में भी 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. बढ़ी हुई कीमतों का असर आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है.
राज्य के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीज़ल की नई कीमतें लागू हो गई हैं. राजधानी पटना में पेट्रोल 108.55 से 108.67 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल 94.65 से 94.88 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. गया में पेट्रोल 109.26 रुपये और डीज़ल 95.92 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. वहीं भागलपुर में पेट्रोल 109.98 रुपये और डीज़ल 96 रुपये प्रति लीटर हो गया है. मुजफ्फरपुर में पेट्रोल 109.54 रुपये और डीज़ल 95 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर बिहार सरकार ने वैश्विक परिस्थितियों को जिम्मेदार बताया है. उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार ने यह फैसला मजबूरी में लिया है. उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण पूरी दुनिया में पेट्रोलियम पदार्थ महंगे हो रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि युद्ध समाप्त होने के बाद हालात में सुधार आएगा.
वहीं मंत्री राम कृपाल यादव ने भी माना कि संकट का असर जनता पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित संस्थान लोगों को राहत देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वैश्विक संकट का प्रभाव पूरी तरह टालना संभव नहीं है.
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि कई महीनों से चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की वजह से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने लोगों पर अतिरिक्त बोझ कम करने के लिए विशेष उत्पाद शुल्क में राहत दी है और पेट्रोल-डीज़ल की खपत कम करने की अपील भी की है.


