सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के हिन्दुपुर गांव (वार्ड संख्या–08) में बंधक बनाए गए दो युवकों को छुड़ाने पहुंची डायल 112 पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने बयान पर 5 नामजद एवं 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं पूर्व वार्ड सदस्य निर्मल यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे रविवार को न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:52 बजे डायल 112 पुलिस को सूचना मिली कि हिन्दुपुर गांव में दो युवकों को ग्रामीणों ने एक घर में बंधक बना रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां भारी संख्या में ग्रामीण जमा थे और माहौल तनावपूर्ण था।
बंधक बनाए गए युवकों ने अपनी पहचान सिरादेय पट्टी (कहरा, वार्ड संख्या–07) निवासी भैरव कुमार और राहुल कुमार के रूप में बताई। ग्रामीणों का आरोप था कि दोनों युवक बिना अनुमति एक घर में घुसकर मोबाइल से फोटो खींच रहे थे, जिस कारण आक्रोशित लोगों ने उन्हें पकड़कर कमरे में बंद कर दिया।
पुलिस द्वारा ग्रामीणों को कानून हाथ में नहीं लेने की समझाइश दी जा रही थी, तभी भीड़ अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि कुछ महिलाओं समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की, धक्का-मुक्की की और हमला करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने पहुंचा दिया।
घटना के बाद पुलिस ने स्थानीय चौकीदार की मदद से मौके के वीडियो फुटेज की जांच की, जिसके आधार पर हमलावरों की पहचान की गई। थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुख्य आरोपी निर्मल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
