भागलपुर में बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘संजीदगी एक पहेली’ के लिए कलाकारों की चयन प्रक्रिया (ऑडिशन) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह वेब सीरीज चर्चित शिशु रोग विशेषज्ञ सह जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह द्वारा रचित है, जबकि इसका निर्देशन समाजसेवी संजीव सुमन कर रहे हैं। एस-सीरिज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बन रही इस वेब सीरीज का उद्देश्य अंग क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
ऑडिशन में भागलपुर और आसपास के इलाकों से आए दर्जनों प्रतिभाशाली मेल और फीमेल कलाकारों ने भाग लिया। कलाकारों ने ‘संजीदगी’ और ‘लापरवाही’ जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर आधारित दृश्यों को मंच पर जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। चयन प्रक्रिया के दौरान उनके अभिनय, संवाद अदायगी, अभिव्यक्ति और मंच उपस्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया गया, जिससे प्रतिभाओं का समुचित चयन संभव हो सके।
इस अवसर पर निर्माता डॉ. अजय सिंह ने कहा कि अंग प्रदेश की धरती प्रतिभाओं से परिपूर्ण है और उनका प्रयास है कि एक संजीदा सामाजिक संदेश के साथ यहां के कलाकारों को वह पहचान और सम्मान दिलाया जाए जिसके वे हकदार हैं। वहीं निर्देशक संजीव सुमन ने बताया कि कलाकारों के उत्साह और समर्पण को देखकर यह स्पष्ट है कि ‘संजीदगी एक पहेली’ कलात्मक दृष्टिकोण से एक सशक्त और प्रभावशाली वेब सीरीज साबित होगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2026 तक इस प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में शुबराज सिंह, कत्थक कोच निवास मोदी, आलोक चौधरी, नित्यानंद नितुल, माना शुक्ला, विश्वा सिंह, राज सिंह, मनीष यादव, प्रेम सिंह, मनोहर राजा, डॉ. मनीष राज, रवि शंकर, उदय कुमार, बिहारी प्रसाद, राज चौधरी, अजय कुमार, डॉ. आलोक भास्कर, रवि पोद्दार, रिया कुमारी और रानी चौधरी सहित कई स्थानीय कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
यह वेब सीरीज न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति समाज को जागरूक करने का भी महत्वपूर्ण संदेश देगी। चयनित कलाकारों के नामों की घोषणा जल्द ही आधिकारिक रूप से की जाएगी।
