भागलपुर जिले के सनोखर थाना परिसर में शनिवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव स्वयं उपस्थित हुए और आम लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना था, ताकि स्थानीय स्तर पर कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

 

जनसंवाद के दौरान एसएसपी ने कहा कि सरकार आम लोगों के जीवन में खुशहाली लाने और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में प्रत्येक शनिवार को थानों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिससे लोग सीधे पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकें और उनका समाधान शीघ्र हो सके।

 

कार्यक्रम में सनोखर थाना क्षेत्र से कोई बड़ी आपराधिक या गंभीर समस्या सामने नहीं आई। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने सामान्य रूप से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने की मांग की, ताकि शांति और सुरक्षा का माहौल और अधिक सुदृढ़ हो सके। तैलोधा पंचायत के अफजलपुर गांव निवासी बम-बम मंडल ने बिजली विभाग द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने की शिकायत रखी, जिस पर एसएसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

वहीं, अरार पंचायत के उपमुखिया मोहम्मद अब्दुल्ला ने रमजान माह के दौरान बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण भिखारियों के क्षेत्र में नहीं आने की बात कही और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस पर एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने या संदिग्ध समझकर किसी के साथ मारपीट करना दंडनीय अपराध है।

 

धुआवै पंचायत के मुखिया आशिष कुमार मोनू तथा सनोखर पंचायत के प्रतिनिधि जयंत सिंह ने थानाध्यक्ष पंकज किशोर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम हुई है और नशाखोरी व अपराध में कमी आई है। अंत में एसएसपी ने सभी से पुलिस का सहयोग करने की अपील की, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ बनी रहे तथा समाज में शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रह सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *