देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की पुण्यतिथि के अवसर पर भागलपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति के रूप में राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे। उनका जीवन त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। उन्होंने संविधान निर्माण की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाई और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत आधार प्रदान किया।
श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस कार्यकर्ता अभय आनंद झा, सोइन अंसारी, चिक्कू सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने तथा संगठन को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर किया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।
