उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से पारिवारिक रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। एक शादीशुदा युवक, जो दो बच्चों का पिता है, अपनी 16 वर्षीय नाबालिग साली को मोटरसाइकिल पर बैठाकर फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय युवक देहात कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। वह 24 फरवरी को अपने ससुराल में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था। बारात में जाने की बात कहकर वह मोटरसाइकिल से निकला, लेकिन कुछ देर बाद वापस ससुराल लौट आया। इसी दौरान उसने अपनी 16 वर्षीय साली को मोटरसाइकिल पर बैठाया और दोनों वहां से चले गए।

 

जब बारात के लोग इकट्ठा हुए तो युवक का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवक ने कॉल रिसीव नहीं किया और बाद में मोबाइल भी बंद कर लिया। अगले दिन जब परिजनों को पूरी घटना की जानकारी हुई तो वे युवक के घर पहुंचे, जहां उसकी पत्नी और बच्चे मिले, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।

 

सामाजिक मान-सम्मान के चलते परिवार ने शुरुआत में मामले को सार्वजनिक नहीं किया। लेकिन दो दिनों तक कोई जानकारी न मिलने पर पीड़ित पिता ने तरबगंज थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

प्रभारी निरीक्षक तरबगंज ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और नाबालिग लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

 

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *