शहर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। प्रमोद कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया कि अब केवल दोपहिया ही नहीं, बल्कि चारपहिया वाहनों पर भी सख्ती से चालान काटा जाएगा। यह अभियान 1 मार्च से प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि शहर में Integrated Command and Control Centre (ICCC) के माध्यम से विशेष निगरानी की जाएगी। अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए उन वाहन चालकों की पहचान की जाएगी जो सीट बेल्ट नहीं लगाते, हेलमेट का उपयोग नहीं करते, तेज गति से वाहन चलाते हैं या अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए आर्थिक दंड लगाया जाएगा। यह अभियान किसी विशेष वर्ग को लक्षित करने के लिए नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था से कार्रवाई में पारदर्शिता आएगी और बिना किसी पक्षपात के जुर्माना लगाया जा सकेगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं। नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख चौराहों, व्यस्त सड़कों और संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच अभियान भी चलाया जाएगा। इसलिए वाहन चालकों से अनुरोध है कि 1 मार्च से पहले ही सतर्क हो जाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में अपना सहयोग दें।
