बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 100 रुपये के लिए एक बेटे ने अपनी ही मां की निर्मम हत्या कर दी। मामला बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बिन टोली गांव का है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान गणेश रावत की 55 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आरोपी रामभरोस रावत ने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। मां के पास पैसे नहीं होने के कारण उन्होंने देने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी मां पर हमला कर दिया और गला रेत दिया। गंभीर चोट लगने से सुमित्रा देवी की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ महिला का शव देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। भागने की कोशिश कर रहे आरोपी बेटे को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के पहुंचने पर उसे उनके हवाले कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया है।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बिन टोली में सुमित्रा देवी की हत्या उनके बेटे द्वारा किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के कारणों और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
