मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट स्कूल के संचालक और शिक्षिका के बीच प्रेम संबंधों का मामला अब कानूनी विवाद में बदल गया है। 60 वर्षीय स्कूल संचालक राकेश साह और उसी स्कूल की 28 वर्षीय शिक्षिका शाइस्ता परवीन द्वारा घर छोड़कर नेपाल के जनकपुर में विवाह करने की खबर सामने आने के बाद इलाके में सामाजिक और कानूनी हलचल तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नजदीकियां स्कूल संचालन के दौरान बढ़ीं। 18 फरवरी को दोनों अचानक अपने-अपने घरों से लापता हो गए, जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच सोशल मीडिया पर नेपाल में हुई उनकी शादी की तस्वीरें और एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में शिक्षिका ने अपनी मर्जी से शादी करने और खुद को सुरक्षित व खुश बताया है।
हालांकि, शिक्षिका के परिजनों ने इस विवाह को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। शिक्षिका के भाई फैसल इमाम अशरफ ने औराई थाने में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत में राकेश साह पर बहला-फुसलाकर अपहरण करने और जबरन धर्म परिवर्तन कर शादी करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही संचालक की पत्नी, बेटी और अन्य सहयोगियों पर साजिश में शामिल होने का भी आरोप लगाया गया है।
मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर ईस्ट एसडीपीओ अलय वत्स के निर्देश पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर संदिग्धों के मोबाइल फोन जब्त करते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
बढ़ते विवाद को देखते हुए आरोपी संचालक का घर और स्कूल फिलहाल बंद कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।
