भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में एक युवक का नर्तकी के साथ मंच पर हथियार लहराते हुए डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में बाहर से नर्तकी बुलाकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान गांव का ही एक युवक कथित रूप से शराब के नशे में मंच पर चढ़ गया। उसके हाथ में अवैध हथियार था, जिसे वह खुलेआम लहराते हुए नर्तकी के साथ डांस करता नजर आया। वायरल वीडियो में युवक की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाथनगर थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में अवैध हथियारों के साथ युवकों के वीडियो लगातार सामने आ रहे हैं। इससे यह प्रतीत होता है कि असामाजिक तत्वों में प्रशासन का भय कम होता जा रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि अवैध हथियार रखने वाले अधिकांश लोग किसी न किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े रहते हैं, जो समाज के लिए खतरा है।

 

गौरतलब है कि एक दिन पहले भी पुलिस को एक अन्य वीडियो मिला था, जिसमें शाहपुर निवासी चंदन राय हथियार के साथ नजर आया था। उस मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

 

ताजा मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। युवक की पहचान कर ली गई है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थल पर हथियार लहराना गंभीर अपराध है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

 

फिलहाल, पुलिस कार्यक्रम आयोजकों से भी पूछताछ की तैयारी में है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *