भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल अजगैबीनाथ धाम में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संत निरंकारी मंडल के सदस्यों द्वारा भव्य स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम बाबा बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की जन्मजयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। सत्यगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देश पर “प्रोजेक्ट अमृत भारत” के तहत इस अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह से ही सेवा दल के जवानों और बहनों ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की। विशेष रूप से नमामि गंगा घाट पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया, जहां एक घंटे का सत्संग भी आयोजित किया गया। सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सेवा और मानवता का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक भी होनी चाहिए, तभी समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
इस अवसर पर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, वार्ड पार्षद संजय चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, वैभव मार्केट के डायरेक्टर हेमंत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संत निरंकारी मंडल के प्रमुख दिनेश मंडल, एकाउंटेंट दशरथ जी, राजेश जी, शिव मालाकार, शशि भूषण उर्फ मुन्ना, संगत इंचार्ज अजीत कुमार समेत कई पदाधिकारी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए।
तारापुर, अमरपुर, कहलगांव, दामोदरपुर, खुटाहा और भवनाथपुर सहित विभिन्न स्थानों से आए लगभग तीन सौ से अधिक सेवा दल के जवानों एवं बहनों ने भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाया। इस दौरान सैकड़ों सेवा दल सदस्य एवं दर्जनों सफाईकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और गंगा घाट की पवित्रता बनाए रखना था। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
