भागलपुर जिले के कहलगांव नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। हाट रोड से स्टेशन चौक होते हुए एलसीटी घाट रोड तक अवैध रूप से लगाए गए दुकानों, ठेलों और अस्थायी ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं आम लोगों ने राहत की सांस ली।
अभियान अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण चंद्र गुप्ता के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की ओर से पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुलडोजर चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य सड़कों के किनारे बने अवैध दुकान, टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाया गया। इन अतिक्रमणों के कारण सड़कें संकरी हो गई थीं और आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से आवागमन में परेशानी हो रही थी, अब यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
एसडीओ कृष्ण चंद्र गुप्ता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और आम जनता को सुविधाजनक माहौल देना प्रशासन की प्राथमिकता है। आगे भी नियमित निरीक्षण कर अवैध कब्जों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण से बचें। नगर पंचायत क्षेत्र को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
