भागलपुर में एक बार फिर बाइक चोर गिरोह के सक्रिय होने से लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला जोगसर थाना क्षेत्र के उमा चरण बोस लेन का है, जहां घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को महज 30 सेकंड में चुरा लिया गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और पहले आसपास का जायजा लिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि युवक कुछ देर तक रैकी करता है, फिर मौका पाते ही बाइक का हैंडल लॉक तोड़ देता है। इसके बाद वह तेजी से मोटरसाइकिल स्टार्ट कर फरार हो जाता है। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
घटना सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन चोरों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित प्रिंस कुमार ने जोगसर थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि चोर के भागने की दिशा और संभावित ठिकाने का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में अतिरिक्त सुरक्षा उपकरण लगाएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
