भागलपुर के सबौर रेलवे स्टेशन पर रविवार को मुख्य प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और परिसंपत्तियों के रखरखाव में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।

 

निरीक्षण के क्रम में प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर के अन्य हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया गया। कई स्थानों पर कूड़ा-करकट जमा मिला और सामान अव्यवस्थित हालत में पड़ा पाया गया। इस पर संबंधित कर्मियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि स्टेशन परिसर की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और साफ-सफाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

 

स्टेशन के बाहर खराब हालत में खड़े कई ट्रक भी निरीक्षण के दौरान पाए गए। इस पर निर्देश दिया गया कि यदि ये वाहन रेलवे या राज्य पुलिस से संबंधित हैं तो संबंधित विभाग को सूचित कर शीघ्र हटवाया जाए। अन्यथा, जिम्मेदार व्यक्ति को तय समयसीमा में वाहन हटाने का निर्देश दिया जाए। निर्धारित अवधि में वाहन नहीं हटाए जाने पर जब्ती या नीलामी की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

 

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि स्टेशन पर लिफ्ट स्थापित होने के बावजूद अब तक उसे चालू नहीं किया गया है। मुख्य प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक ने तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर कर लिफ्ट को शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को सुविधा मिल सके।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टेशन की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। निरीक्षण के बाद संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *