जीवन जागृति सोसायटी की ओर से अरुणाचल प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव रहे स्वर्गीय सुनील कुमार (सुमन) सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। रेड क्रॉस रोड स्थित सोसायटी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।

 

स्व. सुनील कुमार सिंह का जन्म 25 फरवरी 1957 को ग्राम जमुआ, जिला मुंगेर में हुआ था। उन्होंने प्रशासनिक सेवा में रहते हुए ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। अरुणाचल प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव पद पर रहते हुए उन्होंने राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और जनहितकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में अहम भूमिका निभाई। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने युवाओं को रोजगार से जोड़ने और योग्य लोगों को अवसर दिलाने में विशेष रुचि दिखाई।

 

जीवन जागृति सोसायटी से वे लंबे समय तक जुड़े रहे और मुख्य सलाहकर्ता के रूप में संस्था को मार्गदर्शन देते रहे। सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि स्व. सिंह का सामाजिक सरोकार और मार्गदर्शक भूमिका संस्था के लिए प्रेरणास्रोत रही है। संरक्षक डॉ. कृष्णा सिंह ने उन्हें कर्मयोगी बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा को समर्पित था। अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र ने उनकी समय-पाबंदी और कार्य के प्रति समर्पण को अनुकरणीय बताया।

 

सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने जीरोमाइल में आवास बनाकर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। श्रद्धांजलि सभा में सोसायटी से जुड़े कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *