apnabiharjharkhand

बोकारो में प्रसव के दौरान महिला की मौत, डॉक्टर समेत पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़ फरार

बोकारो जिले से एक बार फिर कथित डॉक्टरी लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आईटीआई मोड़ के पास संचालित शिव हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है और अस्पताल परिसर में मातम पसरा हुआ है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद अस्पताल का पूरा स्टाफ और डॉक्टर मौके से फरार हो गए हैं।

मृतिका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही महिला की जान गई। मृतिका के पति राजेश महतो ने बताया कि उन्होंने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी गर्भवती पत्नी को शिव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद से ही लक्ष्मी की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने महिला को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही, तब अस्पताल प्रबंधन ने इसकी अनुमति नहीं दी। आरोप है कि इलाज के दौरान कोई डॉक्टर मरीज को देखने तक नहीं आया और पूरा उपचार नर्सों के भरोसे चलता रहा। नर्सें समय-समय पर डॉक्टर से फोन पर निर्देश लेकर इलाज करती रहीं।

घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ मौके से फरार हो गए। अस्पताल परिसर लगभग लावारिस स्थिति में पड़ा मिला।

बताया जा रहा है कि शिव हॉस्पिटल पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले अस्पताल पर बिना लाइसेंस अल्ट्रासाउंड मशीन चलाने का आरोप लगा था, जिसके बाद सिविल सर्जन कार्यालय बोकारो द्वारा मशीन को सील कर दिया गया था।

इधर मामले को लेकर सिविल सर्जन ने कहा है कि फिलहाल उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी।

संवाददाता : चंदन सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *