धनबाद सदर अस्पताल में प्रस्तावित 400 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण की दिशा में प्रशासन ने अहम कदम उठाते हुए शुक्रवार को अस्पताल परिसर की जमीन का सीमांकन और बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य शुरू करा दिया। हालांकि निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ स्थानीय लोगों ने जमीन पर अपना दावा जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पुलिस, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्माण कार्य जारी रहा।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल परिसर की निर्धारित भूमि की घेराबंदी का कार्य शुरू किया गया है। इसी दौरान कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर दावा किया कि जिस जमीन पर बाउंड्री वॉल बनाई जा रही है, वह उनकी निजी जमीन है। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रशासन बिना पूरी जांच और कानूनी प्रक्रिया अपनाए जबरन घेराबंदी कर रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य पर रोक लगाने और पहले जमीन के स्वामित्व की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
विरोध के बीच प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य पूरी तरह सरकारी अभिलेखों के आधार पर कराया जा रहा है। मौके पर मौजूद धनबाद के अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार ने बताया कि संबंधित खाता संख्या-135 राजस्व रिकॉर्ड में सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है। इसी आधार पर सीमांकन कर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है।
अंचल अधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस भूमि से संबंधित वैध दस्तावेज या स्वामित्व का प्रमाण है, तो वह जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। प्रशासन नियमानुसार सभी दावों और आपत्तियों की जांच करेगा तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार विकास कार्य को रोका भी नहीं जा सकता।
प्रशासन ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल परिसर की घेराबंदी का कार्य जारी है। 400 बेड का यह अत्याधुनिक अस्पताल बनने के बाद धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
संवाददाता : राजेश कुमार, धनबाद





