नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं तथा छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भागलपुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय गेट के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सरकार को सख्त और पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। इसके अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराई जाए, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लिया जाए।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भागलपुर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से छात्रों के हित में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए रहा और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
संवाददाता: रजनीश कुमार, भागलपुर







