100 किमी पैदल चल पटना पहुंचे अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्र, जातीय प्रताड़ना और मारपीट के आरोपों पर न्याय की मांग

पटना: नवादा जिले के रजौली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के 34 छात्र रविवार को 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी पैदल तय कर पटना पहुंचे और आर ब्लॉक चौराहे के पास धरने पर बैठ गए। लंबी यात्रा के कारण कई छात्रों की तबीयत भी बिगड़ गई है। छात्र समाज कल्याण विभाग के मंत्री लखविंदर पासवान से मिलकर अपनी शिकायत रखना चाहते हैं। उनका कहना है कि मंत्री के शहर में नहीं होने की जानकारी मिली है, लेकिन वे बिना अपनी बात रखे वापस नहीं लौटेंगे।

छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से कुछ शिक्षक जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। साथ ही मेस में घटिया भोजन दिया जाता है और शिकायत करने पर छात्रों के साथ मारपीट की जाती है। छात्र शिवम कुमार और अमित कुमार के अनुसार 8 और 9 जुलाई को भोजन की गुणवत्ता और पर्याप्त खाना मांगने पर कई छात्रों को लात-घूंसों से पीटा गया। उनका कहना है कि सब्जी, दाल और रोटी पर्याप्त मात्रा में नहीं दी जाती तथा दोबारा भोजन मांगने पर अपमानित किया जाता है।

Sponsored Advertisement

छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय के 35 शिक्षकों में से पांच शिक्षक नियमित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां करते हैं। उनका कहना है कि पहले भी उन्होंने स्पीड पोस्ट के जरिए जिलाधिकारी, समाज कल्याण विभाग और मंत्री को लिखित शिकायत भेजी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने की मांग के बावजूद उनके नाम विद्यालय प्रशासन तक पहुंच गए, जिसके बाद संबंधित छात्रों को कमरे में बंद कर कथित रूप से पीटा गया।

छात्रों के अनुसार 12वीं के 16 छात्रों से विद्यालय छोड़ने के लिए भी कहा गया, जिसके विरोध में अन्य छात्र भी पटना पहुंच गए। सभी छात्र निष्पक्ष जांच, 8 और 9 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज की जांच, दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई और विद्यालय में सुरक्षित व सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें न्याय मिलने तक अपना विरोध जारी रहेगा।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    नाथनगर में चारे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *