धनबाद के जोड़ा फाटक रोड स्थित पाटलीपुत्र हॉस्पिटल ने ऑर्थोपेडिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में अत्याधुनिक डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच (Direct Anterior Approach) तकनीक के माध्यम से एक मरीज का सफल हिप रिप्लेसमेंट ऑपरेशन किया गया। अस्पताल का दावा है कि धनबाद में इस तकनीक से किया गया यह पहला सफल ऑपरेशन है, जबकि झारखंड में भी यह सुविधा अभी सीमित केंद्रों पर ही उपलब्ध है।
जानकारी के अनुसार, चिरकुंडा निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल अजीज खान 22 जून 2026 को साइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके कुल्हे (हिप) की हड्डी टूट गई थी। जांच के बाद चिकित्सकों ने हिप रिप्लेसमेंट की सलाह दी। इसके बाद ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. निखिल ड्रोलिया और उनकी टीम ने डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच तकनीक से सफल सर्जरी की। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
डॉ. निखिल ड्रोलिया ने बताया कि डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच एक आधुनिक और कम आक्रामक (मिनिमली इनवेसिव) तकनीक है। इस प्रक्रिया में मांसपेशियों को काटना नहीं पड़ता, जिससे ऑपरेशन के बाद दर्द कम होता है और मरीज तेजी से चलने-फिरने तथा सामान्य जीवन में लौटने में सक्षम होता है। इस तकनीक से हिप डिसलोकेशन का खतरा भी कम रहता है और मरीज को अस्पताल में कम समय तक भर्ती रहना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मरीज अपेक्षाकृत जल्दी दैनिक गतिविधियां शुरू कर सकता है और पारंपरिक सर्जरी की तुलना में बैठने तथा चलने में अधिक सुविधा मिलती है। अब तक इस तरह की सर्जरी के लिए मरीजों को दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा धनबाद में ही उपलब्ध हो गई है।
पाटलीपुत्र हॉस्पिटल के डायरेक्टर-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल ड्रोलिया ने कहा कि अस्पताल आधुनिक तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञों के माध्यम से झारखंड के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
संवाददाता: धनबाद ब्यूरो






