बिहार के बेगूसराय से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दुर्गा पूजा के दौरान डांसर को थप्पड़ मारने और पिस्टल लहराने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र से जुड़े पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बेगूसराय पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पानगाछी स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान के पूजा पंडाल से जुड़ा है। दुर्गा पूजा के दौरान यहां विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसी दौरान दारोगा अनिल कुमार सिंह पर डांसर को थप्पड़ मारने और पिस्टल लहराने का आरोप सामने आया था। इस मामले को लेकर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है।
बेगूसराय पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि वैष्णवी दुर्गा स्थान, पानगाछी के पूजा पंडाल में विधि-व्यवस्था संधारण के दौरान कर्तव्य में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के आरोप में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को अनुशासन और कर्तव्य के प्रति जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है। पूजा-पंडाल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर उठे सवालों के बाद विभाग की ओर से की गई कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है।
फिलहाल, पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि की गई है। हालांकि, मामले में आगे की जांच और विभागीय कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।






