धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता और संवेदनशीलता ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला की समय रहते मदद कर आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराया, जिससे मां और नवजात दोनों की जान बच गई। इस सराहनीय कार्य की यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की।
घटना धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 7 और 8 के बीच की है, जहां एक महिला अचानक प्रसव पीड़ा से कराहने लगी। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट धनबाद के प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उप निरीक्षक कमलेश्वर कुमार सिंह, उप निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, महिला आरक्षी प्रियम कुमारी तथा अन्य जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाल लिया।
महिला की पहचान ओडिशा के अंगुल जिले की रहने वाली फूलसुन्दरी के रूप में हुई। उनके साथ उनकी बहन काटूनी मल्लार भी मौजूद थीं। महिला की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ जवानों ने सफेद बेडशीट से चारों ओर घेरा बनाया। इस दौरान महिला आरक्षी प्रियम कुमारी ने पूरे साहस और संवेदनशीलता के साथ प्रसव में सहयोग किया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
घटना की सूचना तुरंत स्टेशन प्रशासन और रेलवे अस्पताल को दी गई। इसके बाद मंडल रेलवे अस्पताल की डॉ. स्वाति गौतम अपनी मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। डॉक्टरों ने जच्चा और नवजात का प्राथमिक उपचार किया। दोनों की स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से महिला आरक्षी की निगरानी में उन्हें बेहतर देखभाल के लिए सदर अस्पताल धनबाद भेज दिया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। आरपीएफ धनबाद की इस त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और मानवीय संवेदनशीलता की यात्रियों सहित स्थानीय लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह पूरा अभियान ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ के तहत सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जो जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए चलाया जा रहा है।








