भोजपुर में सोन नदी का दर्दनाक हादसा: नहाने गए 6 दोस्तों में 3 की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम


बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। सहार प्रखंड के चौरी थाना क्षेत्र स्थित अंधारी गांव में रविवार सुबह सोन नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने गए छह दोस्तों में से तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मृतकों की पहचान अंधारी गांव निवासी चिंटू राय के 14 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार, रंजीत राय के 19 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार और वीरेंद्र राय के 17 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है। वहीं रामनिधि राय के 18 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार, जलेंद्र शर्मा के पुत्र पंकज कुमार और सतीश शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार को सुरक्षित बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सभी दोस्त सोन नदी में नहाने गए थे। कुछ युवक किनारे पर नहा रहे थे, जबकि कुछ गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान एक युवक डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके दो अन्य साथी भी गहरे पानी में फंस गए और देखते ही देखते तीनों नदी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर चौरी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से युवकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उनका आरोप है कि सड़क जाम और अव्यवस्था के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका। नाराज ग्रामीणों ने सहार-अरवल सोन पुल को जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर जाम हटाया गया और स्थिति सामान्य हुई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे से पूरे अंधारी गांव में शोक का माहौल है।

Related Posts

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

“पुलिस की गुंडागर्दी पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- ‘नाजी जर्मनी जैसी नहीं बन सकती पुलिस’; तत्काल FIR और CID जांच के आदेश”

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

पटना में STF का बड़ा एक्शन: कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *