गढ़वा में जमीन विवाद बना जानलेवा, युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो गंभीर घायल


झारखंड के गढ़वा जिले के रामकांडा थाना क्षेत्र स्थित कहुवालेवा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सतनारायण यादव अपने घर पर अकेले थे। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव के ही जयराम यादव, सुशील यादव, राकेश यादव, अभय यादव, मुरारी यादव, संजय यादव, धनंजय यादव, विकास यादव, देवनारायण यादव और जगनारायण यादव समेत लगभग 11 लोग उनके घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सभी जमीन विवाद को लेकर बातचीत करने आए थे।

बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर सतनारायण यादव की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल सतनारायण को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर कर दिया गया। रांची में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के पिता बनवारी यादव और बहू नृत्या देवी को भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही रामकांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

गढ़वा से सत्यम शुक्ला की रिपोर्ट

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    भागलपुर में डबल मर्डर से सनसनी, बदमाशों ने पति-पत्नी की गोली मारकर की हत्या, वारदात के पीछे की वजह अब तक अस्पष्ट

    भागलपुर/नवगछिया। बिहार के भागलपुर जिले में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पति-पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड की यह घटना पुलिस जिला नवगछिया के…

    जिस अस्पताल में करता था ड्यूटी, वहीं स्वास्थ्यकर्मी की संदिग्ध मौत, सीसीटीवी फुटेज पर परिजनों ने उठाए सवाल

    सासाराम। रोहतास जिले के सासाराम स्थित एक निजी अस्पताल में बुधवार को एक स्वास्थ्यकर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान बड्डी थाना क्षेत्र के सिकुहीं गांव…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *