सोमवार को लोजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राकेश कुमार सहित पटना नगर निगम के सात वार्ड पार्षद भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने इन सबों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
वार्ड 56 की पार्षद किस्मतिया देवी, वार्ड 59 की नीलम देवी, वार्ड 17 की उषा चौधरी, वार्ड 62 की तारा देवी, वार्ड 67 के मनोज कुमार, वार्ड 70 के विनोद कुमार और वार्ड 71 की अंजलि राय अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा में जो आता है वह राष्ट्र निर्माण और भ्रष्टाचारमुक्त समाज बनाने के लिए आता है।
नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा की नीति कदम से कदम मिलाकर चलने की है। प्रधानमंत्री के लालकिले से भ्रष्टाचारमुक्त समाज और राष्ट्र बनाने के उद्घोष के बाद भ्रष्टाचारी आज एक मंच पर जुटने की कोशिश कर रहे हैं। यह देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ चलने का संकल्प लिया है, जिसका मूलमंत्र है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। पूर्व अध्यक्ष और विधायक नंदकिशोर यादव ने भाजपा में आए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि यह स्थिति केवल पटना की नहीं है, बिहार के सभी जिलों में सभी समाज के लोगों को प्रधानमंत्री पर भरोसा है और वे भाजपा से जुड़ रहे हैं। अब लोगों को भाजपा पर विश्वास है।
मिलन समारोह का संचालन राजेश वर्मा ने किया। विधायक अरुण कुमार सिन्हा व संजीव चौरसिया, प्रदेश महामंत्री देवेश कुमार, सुरेश रुंगटा, रूप नारायण मेहता, राजेंद्र सिंह, अभिषेक चंद्रवंशी, संजय गुप्ता आदि उपस्थित थे।